Khunti: जरिया गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलमी नदी एवं श्मशान घाट स्थित एक कुएं से शुक्रवार को पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया। मृतका की पहचान तिलमी गांव निवासी रामपाल महतो की 45 वर्षीय पत्नी शांति देवी के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शांति देवी सोमवार की रात घर से निकली थीं, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो गुरुवार को जरिया गढ़ थाना में उनकी गुमशुदगी को लेकर सन्हा दर्ज कराया गया।
इसी बीच शुक्रवार को ग्रामीणों ने तिलमी नदी व श्मशान घाट के समीप स्थित कुएं में एक महिला का शव तैरता हुआ देखा, जिसकी सूचना तुरंत जरिया गढ़ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। बाद में शव की पहचान गुमशुदा महिला शांति देवी के रूप में की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार शांति देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। बताया जा रहा है कि जिस कुएं से शव बरामद हुआ है, उसमें ऊपर मुंडेर नहीं है, आशंका जताई जा रही है कि महिला अनजाने में कुएं में गिर गई हों, जिससे उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।



