Breaking News

अड़की में वृद्ध महिला का शव नाले से बरामद, हत्या की आशंका—पुलिस जांच में जुटी

Khunti: अड़की थाना क्षेत्र अंतर्गत सारगेया पंचायत के हितडीह नाला से शुक्रवार को एक वृद्ध महिला का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान हितडीह गांव निवासी सुकरू देवी (उम्र लगभग 70 वर्ष), पति नागर सिंह मुंडा के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, वहीं पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुकरू देवी के चार बेटे और दो बेटियां हैं। वह अपने पति और दो बेटों के साथ हितडीह गांव से लगभग आधा किलोमीटर दक्षिण दिशा में अलग घर बनाकर रहती थीं, जबकि उनके दो बेटे हितडीह गांव में ही रहते हैं। गुरुवार की शाम वह अपने बेटों से मिलने के बाद हितडीह से अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में एक नाला पार करना पड़ता है। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने यह समझा कि संभवतः वह हितडीह में ही रुक गई होंगी।

शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने हितडीह नाला में एक महिला का शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान सुकरू देवी के रूप में हुई। सूचना मिलते ही अड़की थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

परिजनों का आरोप है कि सुकरू देवी की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया है। उनका कहना है कि घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक स्थान पर मृतका की साड़ी, स्वेटर, शाल और चप्पल बरामद हुई हैं, जबकि शव पर केवल पेटिकोट और ब्लाउज ही था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजन एवं ग्रामीण इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार कर रहे हैं।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि फिलहाल मामला जांच के अधीन है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला की मौत हत्या के कारण हुई है या नाले में गिरने से।

घटना के बाद से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post