Giridihi : गिरिडीह स्थित सीसीएल कोलियरी एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गई है। ताजा मामला सीसीएल की वर्कशॉप से जुड़ा है, जहां गश्ती दल के जाने के कुछ ही देर बाद करीब 25 से 30 अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से हमला बोल दिया। अपराधियों ने हथियारों के बल पर वर्कशॉप में तैनात तीन सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर घंटों तक लूटपाट की।
यह घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे से बुधवार सुबह 5 बजे तक की बताई जा रही है। इस दौरान अपराधी वर्कशॉप परिसर में लगभग तीन घंटे तक डटे रहे और अलग-अलग कमरों के ताले तोड़कर कीमती सामान लूटते रहे। गार्डों को जान से मारने की धमकी देकर एक कमरे में बंद कर दिया गया, जिससे वे पूरी रात दहशत में रहे।
ड्यूटी पर तैनात गार्ड मो. अफजल हुसैन, श्यामसुंदर यादव और अर्जुन सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11:30 बजे सीसीएल का गश्ती दल वर्कशॉप पहुंचा था। इसके बाद लगभग एक बजे थाना का गश्ती दल भी मौके पर आया और डेढ़ बजे जांच के बाद लौट गया। गश्ती दलों के जाने के बाद ही अपराधियों ने मौके का फायदा उठाते हुए हमला कर दिया।

गार्डों के अनुसार, अपराधियों के पास पिस्टल समेत कई घातक हथियार थे। उन्होंने गार्डों को गर्दन काटकर टांग देने की धमकी दी और फिर तीनों को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। सुबह करीब पांच बजे अपराधियों ने उन्हें छोड़ा। बाहर निकलने पर गार्डों ने देखा कि चार कमरों के ताले टूटे हुए थे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अपराधी कौन-कौन सा सामान अपने साथ ले गए हैं। गार्डों का कहना है कि इसकी पूरी जानकारी वर्कशॉप इंचार्ज के निरीक्षण के बाद ही सामने आ पाएगी। घटना की सूचना सुबह होते ही सीसीएल के जीएम, पीओ और अन्य वरीय अधिकारियों को दे दी गई।
सीसीएल सुरक्षा गश्ती दल के इंचार्ज भुवनेश्वर मंडल ने बताया कि रात में गश्ती दल वर्कशॉप पहुंचा था और वहां से साइडिंग की ओर चला गया था। सुबह करीब 5:30 बजे गार्डों ने हमले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई उनके निर्देश के अनुसार की जाएगी।
इस घटना के बाद सीसीएल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और इलाके में दहशत का माहौल है।


