WPL Season 4 2026 : विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का चौथा सीजन 9 जनवरी 2026 से शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। यह मैच नवी मुंबई के डीवाय पाटील स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
इस सीजन में 5 टीमें हिस्सा ले रही हैं और 28 दिनों में कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग का फाइनल चरण वडोदरा में आयोजित होगा, जहां 3 फरवरी को एलिमिनेटर और 5 फरवरी को फाइनल खेला जाएगा। पूरे टूर्नामेंट के मुकाबले दो वेन्यू—मुंबई और वडोदरा—में आयोजित होंगे।
WPL हमेशा की तरह लीग फॉर्मेट में खेला जाएगा। सभी पांच टीमें एक-दूसरे के खिलाफ 2-2 मैच खेलेंगी। इस तरह हर टीम लीग स्टेज में 8 मुकाबले खेलेगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला होगा। चौथे और पांचवें स्थान की टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगी।
इस बार WPL में पहली बार डबल हेडर देखने को मिलेगा। अब तक खेले गए तीन सीजन में एक भी डबल हेडर नहीं हुआ था, लेकिन इस सीजन में दो डबल हेडर रखे गए हैं। दोनों मुकाबले डीवाय पाटील स्टेडियम में शनिवार को होंगे। पहला डबल हेडर 10 जनवरी और दूसरा 17 जनवरी को खेला जाएगा।
इस सीजन में चार की बजाय सिर्फ दो वेन्यू रखे गए हैं। मुंबई के डीवाय पाटील स्टेडियम में शुरुआती 11 मैच, जबकि वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में अंतिम 11 मैच खेले जाएंगे। एलिमिनेटर और फाइनल दोनों मुकाबले भी वडोदरा में ही होंगे।
प्लेइंग-11 को लेकर नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एक टीम अपनी अंतिम एकादश में अधिकतम 4 विदेशी खिलाड़ी उतार सकती है, जबकि बाकी 7 खिलाड़ी भारतीय होंगे। यदि कोई टीम असोसिएट देश की खिलाड़ी को शामिल करती है, तो उसे 5 विदेशी खिलाड़ियों को खिलाने की अनुमति मिलती है।
चौथे सीजन में भी 5 टीमें ही हिस्सा ले रही हैं—मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स, यूपी वॉरियर्ज और गुजरात जायंट्स। इनमें से दो टीमों ने नए कप्तान बनाए हैं। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अब जेमिमा रोड्रिग्ज करेंगी, जबकि यूपी वॉरियर्ज की कमान मेग लैनिंग के हाथों में होगी। मुंबई, बेंगलुरु और गुजरात ने अपने कप्तान नहीं बदले हैं।
WPL में इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू नहीं है और इस सीजन में भी इसका इस्तेमाल नहीं होगा। ऑक्शन में खरीदी गई इकलौती असोसिएट खिलाड़ी अमेरिका की तारा नॉरिस इस बार टूर्नामेंट नहीं खेल पाएंगी, क्योंकि वह टी-20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर में हिस्सा लेंगी।
अब तक WPL की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस रही है। टीम ने तीनों सीजन में प्लेऑफ में जगह बनाई है और दो बार खिताब जीता है। RCB ने 2024 में खिताब अपने नाम किया था, जबकि दिल्ली कैपिटल्स तीन बार फाइनल में पहुंचकर उपविजेता रही है। गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्ज अब तक फाइनल में जगह नहीं बना सकी हैं।
खिताब की दौड़ में इस बार भी मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इन तीनों टीमों ने ऑक्शन में संतुलित और मजबूत स्क्वॉड तैयार किए हैं।
इनामी राशि की बात करें तो विजेता टीम को 6 करोड़ रुपये, जबकि रनर-अप को 3 करोड़ रुपये मिलेंगे। टूर्नामेंट की बेस्ट बैटर, बेस्ट बॉलर, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, सबसे ज्यादा छक्के और बेस्ट स्ट्राइक रेट के लिए 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। फाइनल के प्लेयर ऑफ द मैच को 2.50 लाख रुपये और बाकी मैचों के प्लेयर ऑफ द मैच को 1 लाख रुपये मिलेंगे।
WPL सीजन-4 का लाइव टेलीकास्ट स्टार नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि मुकाबलों की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगी। सभी नाइट मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि डबल हेडर वाले दिन पहला मैच दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा।



