Breaking News

झारखंड में पहली बार होगा डिफेंस कॉन्क्लेव, स्थानीय उद्योगों को मिलेंगे रक्षा क्षेत्र में नए अवसर

Jamshedpur : आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देने और स्थानीय एमएसएमई उद्योगों को रक्षा क्षेत्र से जोड़ने के उद्देश्य से झारखंड में पहली बार एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव–2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह कॉन्क्लेव 16 और 17 जनवरी 2026 को जमशेदपुर के आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में आयोजित होगा। इस आयोजन से झारखंड के लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए रक्षा उत्पादन के नए द्वार खुलने की उम्मीद है।

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आयोजित प्रेस वार्ता में चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि यह कॉन्क्लेव सिंहभूम चैंबर, आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) और भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स (नोडल एजेंसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें लघु उद्योग भारती, बीईएमएल समेत कई संस्थाएं सहयोगी की भूमिका निभा रही हैं।

रक्षा राज्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

कॉन्क्लेव का उद्घाटन 16 जनवरी को देश के रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ करेंगे। इस अवसर पर रिटायर्ड एयर चीफ मार्शल अरूप राहा और रक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान रक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ उद्यमियों को तकनीकी और व्यावसायिक जानकारी साझा करेंगे।

झारखंड के एमएसएमई उद्योगों को मिलेगा सीधा लाभ

एसिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने बताया कि इस कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र सहित पूरे झारखंड के एमएसएमई उद्योगों को रक्षा क्षेत्र में काम के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि देशभर में करीब 17 हजार एमएसएमई इकाइयां पहले से रक्षा क्षेत्र से जुड़ी हैं, लेकिन जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों की भागीदारी अब तक सीमित रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि ऑटोमोबाइल और रेलवे सेक्टर में काम कर रहे स्थानीय उद्योग अब रक्षा क्षेत्र के लिए भी उत्पादन कर सकेंगे, जिससे कोल्हान और पूरे झारखंड के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

प्रदर्शनी, सेमिनार और वर्कशॉप का होगा आयोजन

भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव केका शर्मा ने बताया कि रक्षा मंत्रालय लगातार एमएसएमई को प्रोत्साहित कर रहा है और देश के कई राज्यों में इस तरह के कॉन्क्लेव सफलतापूर्वक आयोजित हो चुके हैं। झारखंड की औद्योगिक क्षमता को देखते हुए अब जमशेदपुर में यह आयोजन किया जा रहा है।

कॉन्क्लेव के दौरान प्रदर्शनी, सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें एयरफोर्स, नेवी और आर्मी से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। वे उद्यमियों को रक्षा क्षेत्र में उत्पादन, तकनीकी मानकों और आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी देंगे।

राज्य के लिए ऐतिहासिक अवसर

भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव अविक राय ने कहा कि झारखंड में पहली बार राज्य स्तरीय डिफेंस कॉन्क्लेव का आयोजन हो रहा है, जो यहां के एमएसएमई उद्यमियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। वहीं, एसिया के महासचिव प्रवीण गुटगुटिया ने बताया कि कॉन्क्लेव में करीब 50 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 5 से 6 स्टॉल रक्षा मंत्रालय से जुड़े होंगे।

उन्होंने कहा कि अब तक आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र ऑटोमोबाइल सेक्टर में वर्ल्ड क्लास उत्पादन के लिए जाना जाता रहा है, और यह कॉन्क्लेव रक्षा क्षेत्र में भी नए अवसर सृजित करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post