Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की उड़नदस्ता टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार तड़के विशेष जांच अभियान के दौरान आरपीएफ ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से कुल 6.08 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुट्टी के निर्देश पर की गई। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर टाटानगर स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी क्रम में रविवार तड़के संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से बिहार ले जाने की थी साजिश
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी ओडिशा के तुसरा इलाके से ट्रेन संख्या 18006 समलेश्वरी एक्सप्रेस के जरिए गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे। यहां से इसे पटना होते हुए बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में खपाने की योजना थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शर्मा यादव और सत्यनारायण साहनी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रूपही टांड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद गांजे के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के माध्यम से हो रही नशे की तस्करी पर लगातार सख्त नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में इस तरह के अभियान और तेज किए जाएंगे।



