Khunti: नए वर्ष के आगमन से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से खूंटी थाना पुलिस द्वारा मंगलवार की देर शाम लगभग 8 बजे एंटी क्राइम जांच, वाहन जांच एवं अल्कोहल जांच अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर चार पहिया एवं दो पहिया वाहन चालकों को रोककर सघन जांच की गई। 
पुलिस टीम ने ब्रेथ एनालाइजर मशीन का उपयोग कर वाहन चालकों की जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी चालक शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन न चला रहा हो। जांच के दौरान सभी वाहन चालकों का परीक्षण किया गया, जिसमें राहत की बात यह रही कि कोई भी चालक शराब या अन्य नशीली पदार्थ के प्रभाव में वाहन चलाते हुए नहीं पाया गया। 
इस दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। खूंटी पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं चालक और आम जनता दोनों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि नए वर्ष के जश्न में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और उत्साह में आकर अपनी तथा दूसरों की जान खतरे में न डालें।
साथ ही दो पहिया वाहन चालकों से विशेष रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि हेलमेट जीवन रक्षक होता है और दुर्घटना की स्थिति में यह गंभीर चोट से बचाव करता है।
खूंटी पुलिस ने आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की बात कही, ताकि जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और नए वर्ष का स्वागत सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण में किया जा सके।



