Khunti: नव वर्ष के आगमन की पूर्व संध्या पर जन ज्योति क्लब, हटिया द्वारा एक भव्य एवं उल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर खूंटी जिला झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर क्लब के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद का गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य, स्थानीय गणमान्य लोग एवं युवा वर्ग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पुराने वर्ष को विदाई देने और नव वर्ष के स्वागत को लेकर उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। सांस्कृतिक माहौल और आपसी भाईचारे का दृश्य पूरे कार्यक्रम के दौरान देखने को मिला। 
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि पुराना वर्ष हमें कई सीख देकर जाता है और नव वर्ष नई उम्मीदों, नई ऊर्जा और नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने सभी लोगों से बीते हुए दिनों की कड़वी यादों को भुलाकर सकारात्मक सोच के साथ नए वर्ष की शुरुआत करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। 
जुबैर अहमद ने जन ज्योति क्लब हटिया की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को नव वर्ष की बधाई दी और नए वर्ष में खुशहाली, शांति और तरक्की की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया।



