Koderma : कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (केटीपीएस) की एक यूनिट विशेष मरम्मत कार्य के कारण आगामी 35 दिनों तक बंद रहेगी। बुधवार शाम से 1000 मेगावाट क्षमता वाले इस पावर प्लांट की 500 मेगावाट की एक यूनिट को तकनीकी खामियों के चलते उत्पादन से बाहर कर दिया गया है। केटीपीएस की दोनों यूनिट से अब तक करीब 1000 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था। एक यूनिट बंद होने से सीधे तौर पर 500 मेगावाट बिजली उत्पादन में कमी आएगी, जिससे बिजली आपूर्ति पर दबाव बढ़ना तय माना जा रहा है।
इस यूनिट के बंद होने का असर सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं रहेगा। केटीपीएस से ग्रिड के माध्यम से झारखंड को लगभग 600 मेगावाट बिजली मिलती है, जबकि शेष बिजली राष्ट्रीय ग्रिड के जरिए अन्य राज्यों को भेजी जाती है। ऐसे में कई राज्यों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। झुमरी तिलैया शहर को केटीपीएस से गौशाला सर्विस स्टेशन के माध्यम से सीधे 25 मेगावाट बिजली की आपूर्ति होती है। यूनिट बंद रहने की अवधि में इस आपूर्ति पर भी अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार यूनिट में लंबे समय से जरूरी तकनीकी सुधार और मरम्मत कार्य लंबित थे, जिस वजह से यह निर्णय लिया गया। झारखंड में खासकर पीक आवर के दौरान लोडशेडिंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि ठंड के मौसम में बिजली की मांग अपेक्षाकृत कम रहती है, इसी कारण मरम्मत के लिए यह समय चुना गया है।
गौरतलब है कि कोडरमा जिले में पहले ही 10 दिसंबर से 25 दिसंबर तक विशेष मरम्मत कार्य के चलते बिजली आपूर्ति में भारी कटौती की जा रही है। ऐसे में आने वाले 35 दिन राज्य के साथ-साथ कोडरमा जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।



