Khunti: तोरपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदीप गुड़िया ने रविवार को तपकारा स्थित अपने आवासीय कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया। इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों और गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे। विधायक ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बातें सुनीं और उनके समाधान हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 
जनता दरबार के दौरान क्षेत्रवासियों ने बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएँ रखीं। विधायक ने इन मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए कहा कि जनता की समस्या का त्वरित निवारण करना ही उनका पहला दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। 
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा, “तोरपा विधानसभा क्षेत्र की देवतुल्य जनता ने जिस विश्वास और आकांक्षा के साथ मुझे प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया है, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभा रहा हूँ। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मैं लगातार प्रयासरत हूँ और आने वाले वर्षों में तोरपा विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है। जनसेवा के इस संकल्प को वह सदैव अटूट बनाए रखेंगे।
जनता दरबार में उपस्थित लोगों ने विधायक की सक्रियता और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि नियमित रूप से इस तरह का आयोजन होने से उनकी समस्याएँ शीघ्र सुनी और सुलझाई जा रही हैं।



