Dhanbad: झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र में एक पति द्वारा पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना पाथरडीह पांडे बस्ती गुलगुलिया पट्टी की है। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) धनबाद भेज दिया। आरोपी पति उमेश गुलगुलिया को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी और मृतका सोनिया की शादी 15 साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। दंपती ने पड़ोस के बच्चे राजा को गोद लिया था।
उमेश ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे वह काम से घर लौटे थे, लेकिन पत्नी घर पर नहीं थी। जब वह करीब दस बजे लौटी तो उसने गुस्से में लाठी-डंडे से उसकी पिटाई की। इसके बाद दोनों खाना खाकर सो गए।
सुबह करीब तीन बजे आरोपी ने देखा कि पत्नी मृत अवस्था में पड़ी थी। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि उमेश अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था और बीती रात भी उसने बर्बरता से पिटाई की।
थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा और मामले की गहन जांच की जा रही है।



