Chaibasa : चाईबासा मंडल कारा में बंद कैदियों को अब कंप्यूटर शिक्षा, सामान्य शिक्षा और सिलाई-कढ़ाई जैसे व्यवसायिक प्रशिक्षण दिए जाएंगे। यह निर्णय शनिवार को हुई जिला कारा सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया।
उपायुक्त चंदन कुमार ने बताया कि कैदियों के पुनर्वास और कौशल विकास को ध्यान में रखते हुए यह योजना शुरू की जा रही है। इसके तहत इच्छुक कैदियों की सूची तैयार कर, प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी ताकि उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सके।
बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं को भी बेहतर बनाने का निर्णय हुआ। सिविल सर्जन डॉ. सुशांत कुमार माझी को निर्देश दिया गया कि कारागार में चिकित्सक और महिला चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
पेयजल संकट को दूर करने के लिए मुख्य पाइप लाइन से अलग-अलग नल कनेक्शन की व्यवस्था कराने और बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए सोलर पैनल को अपग्रेड करने के निर्देश दिए गए।
अंत में, कारा सुरक्षा और सभी प्रशासनिक निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
यह पहल न केवल कैदियों के लिए शिक्षा और कौशल विकास का नया अवसर है, बल्कि उनके पुनर्वास और समाज में पुनः स्थापित होने की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम है।



