Khunti: खूंटी जिला में ऑटो रिक्शा चालकों एवं वाहन स्वामियों को बड़ी राहत देते हुए आज क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची द्वारा विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप परिवहन आयुक्त-सह-सचिव, हरिवंश पंडित ने खुद मौजूद रहकर दर्जनों ऑटो रिक्शा स्वामियों को विधिवत परमिट निर्गत कर हस्तगत कराया।
परिवहन विभाग की इस पहल से लंबे समय से परमिट की प्रतीक्षा कर रहे चालकों और वाहन स्वामियों को काफी सहूलियत मिली। कार्यक्रम के दौरान हरिवंश पंडित ने कहा कि सरकार एवं परिवहन विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक वाहन स्वामियों को वैध परमिट उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना किसी परेशानी के परिवहन सेवाएं दे सकें। उन्होंने जिले के सभी ऑटो रिक्शा चालकों और स्वामियों से अपील की कि वे शीघ्र आवेदन प्रस्तुत करें, जिससे समय पर परमिट जारी किया जा सके और अवैध परिचालन की स्थिति समाप्त हो।
इस परमिट वितरण कार्यक्रम में जिला परिवहन कार्यालय, खूंटी के मोटर यान निरीक्षक शाहनवाज एवं उनके कर्मी समित तोपनो सहित सभी कर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और पूरे आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
स्थानीय ऑटो रिक्शा चालकों ने बताया कि वैध परमिट मिलने से न केवल उनकी आजीविका सुरक्षित होगी, बल्कि सड़कों पर निर्बाध परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित होगी। परिवहन विभाग द्वारा आयोजित यह कैंप जिले में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।



