Jayganar. थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला बाघमारा चौक के पास से स्कॉर्पियो (संख्या – JH 02 BM 7256) की चोरी का है। वाहन मालिक के भाई बंटी कुमार आर्य ने थाना में आवेदन देकर गाड़ी की बरामदगी और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे स्कॉर्पियो को घर के बरामदे में खड़ा किया गया था। सुबह 5 बजे उठने पर पता चला कि गाड़ी गायब है। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली।
जांच में सामने आया कि चोर गाड़ी को मरकच्चो स्थित राधा पेट्रोल पंप पर ले गए थे। वहां उन्होंने 1500 रुपये का डीजल भरवाया। पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में स्कॉर्पियो और उसमें सवार दो लोग साफ दिखाई दे रहे हैं।
पंप कर्मचारियों के अनुसार, चोरों ने नगद भुगतान कर ईंधन भरवाया और गाड़ी लेकर आराम से निकल गए। पंप फुटेज में स्कॉर्पियो के साथ एक दूसरी कार भी दिखाई दे रही है, जो अंधेरे में खड़ी थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर थाना क्षेत्र में यह तीसरी बड़ी चोरी की वारदात है। इससे पहले एक सरकारी स्कूल में चोरी हुई थी और कुछ दिन पहले मसौंधा गांव के एक घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी गायब कर लिए गए थे।



