Ghatshila: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला स्थित होटल जेएन पैलेस में सोमवार को प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 900 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अमिताभ भगत, एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी, मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार तथा घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

अपने संबोधन में एसडीओ अमिताभ भगत ने कहा कि यह सम्मान केवल विद्यार्थियों की सफलता का नहीं, बल्कि उनके माता-पिता और शिक्षकों की मेहनत एवं संघर्ष का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से आने वाले विद्यार्थी भी कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
प्रभात खबर के स्थानीय संपादक विवेक तिवारी ने स्वागत भाषण में कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का मंच है। उन्होंने बताया कि पिछले 22 वर्षों से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम से सम्मानित कई विद्यार्थी आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सफलता के साथ विनम्रता बनाए रखने और चुनौतियों का डटकर सामना करने की अपील की।

घाटशिला एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सफलता का मूल मंत्र मेहनत, अनुशासन और बड़ों के प्रति सम्मान को बताया। उन्होंने कहा कि उपलब्धि मिलने के बाद भी विद्यार्थियों को विनम्र रहना चाहिए और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखनी चाहिए।
मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी सफलता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे कई चुनौतियां आएंगी, लेकिन धैर्य, लगन और लगातार मेहनत करने वाले विद्यार्थी हर कठिनाई को पार कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों का हर कदम पर सहयोग करने का आग्रह किया।
समारोह के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, मेहनत को अपनी आदत बनाने और समाज व देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया। प्रभात खबर की इस पहल की सभी अतिथियों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाओं को सम्मान देते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित भी करते हैं।



