Ranchi: सोनाहातू थाना क्षेत्र के काला महादेव के समीप आज अचानक हुए वज्रपात ने एक फॉरेस्ट गार्ड की जान ले ली, जबकि ड्राइवर और एक अन्य कर्मी घायल हो गए। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, खूंटी वन प्रमंडल के बुंडू वन प्रक्षेत्र में कार्यरत फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव अपने दो साथियों के साथ हाथियों से बचाव के लिए बनाए जा रहे वॉच टावर निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि इसी बीच अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से रोशन श्रीवास्तव मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद ड्राइवर और एक अन्य कर्मी भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल सोनाहातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रोशन श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।



