Khunti: झारखंड की क्षेत्रीय भाषाओं और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘आपन स्टार’ ऑडिशन में रविवार को खूंटी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। आपन रेडियो के बैनर तले आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को गायकी और नृत्य के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने और निखारने का अवसर प्रदान कर रहा है।
कार्यक्रम में झारखंड की नौ क्षेत्रीय भाषाओं के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। ऑडिशन में नागपुरी जगत के चर्चित गायक-अभिनेता विवेक नायक और अभिनेत्री वर्षा ऋतु विशेष रूप से खूंटी पहुंचे, जहां वे पांच सदस्यीय जज पैनल का हिस्सा बने। 
इस मौके पर विवेक नायक ने कहा कि आपन रेडियो झारखंड की नागपुरी भाषा का अपना रेडियो चैनल है, जो ‘आपन स्टार’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को गायकी और डांसिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दे रहा है। उन्होंने कहा कि खूंटी में कलाकारों की बड़ी भागीदारी यह साबित करती है कि यहां के युवाओं में कला के प्रति गहरी रुचि और उत्साह है।
वहीं वर्षा ऋतु ने कहा कि एक कलाकार होने के नाते वह अच्छी तरह समझती हैं कि प्रतिभा को निखारने के लिए मंच का होना कितना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आपन रेडियो का यह प्रयास उन युवाओं के लिए एक बेहतरीन पहल है, जिन्हें अपनी कला दिखाने का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने बताया कि फाइनल विजेताओं को नगद पुरस्कार के साथ-साथ गायकी और डांसिंग के क्षेत्र में आगे काम करने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम के आयोजन में खूंटी के स्थानीय संगीतकार निपेन देमता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से स्कूल-कॉलेजों और चौक-चौराहों पर जाकर प्रचार-प्रसार किया गया था, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला और बड़ी संख्या में प्रतिभागी ऑडिशन में पहुंचे।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एम.पी सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने आपन रेडियो की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच युवाओं के लिए अपने हुनर को पहचान दिलाने का बेहतर माध्यम साबित होगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।



