Ranchi : नामकुम इलाके में 10 जून को हुई फायरिंग मामले में फरार चल रहे शातिर अपराधी मो. खालिद उर्फ खालिद बंगाली को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, खालिद बंगाली ने 10 जून को नामकुम थाना क्षेत्र के सामलौंग स्थित अराफात अपार्टमेंट के पास शमशेर नामक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
छापेमारी के दौरान गिरफ्तारी
रांची पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी नामकुम क्षेत्र के कुटियातु स्थित 89-आर्मी ग्राउंड के पास किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मो. खालिद उर्फ खालिद बंगाली उर्फ चूजा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में स्वीकारोक्ति
पुलिस पूछताछ में खालिद ने स्वीकार किया कि वह आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसने बताया कि 10 जून को उसने पुराने जमीनी विवाद और रंजिश के चलते शमशेर पर फायरिंग की थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में पहले ही सद्दाम उर्फ टीपू और मो. इरशाद आलम को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच जारी
हेडक्वार्टर डीएसपी-1 अमर पांडेय ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य सहयोगियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


