Palamu : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने पलामू में मीडिया से बातचीत के दौरान कई मुद्दों पर राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने राम मंदिर में हुई कथित चोरी की घटना को लेकर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों की जगह जेल में होनी चाहिए और कानून अपना काम करेगा।
आदित्य साहू ने कहा कि योगी सरकार इस तरह की घटनाओं को लेकर पूरी तरह सख्त है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। यह बयान उन्होंने पत्रकारों द्वारा राम मंदिर में चोरी की घटना पर पूछे गए सवाल के जवाब में दिया।
झारखंड सरकार और प्रशासन पर सवाल
इसके साथ ही उन्होंने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर हो चुकी है और कई मामलों में मंत्री स्वयं कार्रवाई करने को मजबूर हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “आखिर झारखंड में सरकार कौन चला रहा है, जब मंत्री को खुद छापेमारी करनी पड़ रही है और अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं।”
बालू नीति और अवैध खनन पर टिप्पणी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की बालू नीति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति नहीं होने के कारण आम लोगों को घर निर्माण सहित कई कार्यों में परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर लोगों को बालू नहीं मिल रहा, वहीं दूसरी ओर अवैध तरीके से बालू का परिवहन अन्य राज्यों में किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवैध खनन से जुड़े मामलों में सत्ता से जुड़े लोग लाभ उठा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।
राजनीतिक गतिविधियाँ
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा राज्य में जन समस्याओं को लेकर लगातार आंदोलन कर रही है। इसी क्रम में पार्टी ने चतरा बंद का भी निर्णय लिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है।
कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णुदयाल राम, विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, मेयर अरुणा शंकर, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री मनोज सिंह और जिला अध्यक्ष अमित तिवारी सहित कई नेता मौजूद रहे।



