Khunti: तोरपा विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विधायक मद से उपलब्ध कराए गए 07 एंबुलेंस एवं 03 शव वाहनों का लोकार्पण कर उन्हें क्षेत्र की जनता को समर्पित किया गया। तोरपा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टाउन हॉल में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति में सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की आसान पहुंच सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा जंगल एवं पहाड़ी इलाकों से घिरा हुआ है, जहां गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना एक बड़ी चुनौती रही है। कई बार एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को दूर करने के उद्देश्य से विधायक मद से एंबुलेंस एवं शव वाहनों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि इन वाहनों के संचालन से तोरपा, रनिया, कर्रा और बानो प्रखंड के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। दुर्घटना, बीमारी अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में यह पहल बेहद कारगर साबित होगी। साथ ही शोक की घड़ी में शव वाहन की सुविधा मिलने से लोगों को राहत मिलेगी। 
लोकार्पण समारोह में उपस्थित झामुमो खूंटी जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि झारखंड सरकार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी यह पहल आम जनता के जीवन को सीधे प्रभावित करेगी और जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सकेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विधायक, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से एंबुलेंस और शव वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समारोह में झामुमो महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, बुद्धिजीवी मोर्चा अध्यक्ष विरेन कंडुलना, विभिन्न प्रखंडों के जनप्रतिनिधि, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। 
कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रोबिन तोपनो ने किया।
ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एंबुलेंस और शव वाहनों की उपलब्धता से दूरस्थ गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह कदम तोरपा विधानसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र में जनहित से जुड़े विकास कार्य इसी प्रकार जारी रहेंगे।



