Breaking News

दिल्ली के ‘कॉकरोचों’ के जमघट पर रांची में गरजे भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, बोले- विदेश में बैठे लोग नहीं तय करेंगे भारत के युवाओं की दिशा

Ranchi : रांची दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और युवाओं की राजनीति को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इशारों ही इशारों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि कुछ लोग देश के युवाओं को नकारात्मक राजनीति की ओर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भारत का युवा अब जागरूक है और वह देश निर्माण की राजनीति करेगा।

रांची में आयोजित ‘प्रबुद्ध नागरिक संवाद’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि आज का भारतीय युवा देश के विकास, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाना चाहता है। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें युवाओं को “एंटी-एस्टैब्लिशमेंट” का नाम देकर उन्हें व्यवस्था विरोधी मानसिकता की ओर मोड़ना चाहती हैं, लेकिन भारत का युवा सकारात्मक राजनीति और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखता है।

उन्होंने कहा कि देश में आज दो लाख से अधिक स्टार्टअप खड़े हो चुके हैं, नए मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज खुल रहे हैं और भारत तेजी से आईटी हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह सब देश के युवाओं की मेहनत और क्षमता का परिणाम है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि युवा अब विरोध की राजनीति नहीं बल्कि निर्माण की राजनीति करना चाहता है।

“विदेश में बैठे लोग भारत के युवाओं को दिशा नहीं दे सकते”

नितिन नबीन ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग विदेशों में बैठकर यह सोचते हैं कि वे भारत के युवाओं को दिशा देंगे, लेकिन भारत का युवा गांव की चौपाल, खेत-खलिहान, कोचिंग संस्थानों और कॉलेज कैंपस से निकलकर अपनी सोच तैयार करता है। उन्होंने कहा कि भारत का युवा किसी के हाथ की कठपुतली नहीं बनने वाला।

उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम देश निर्माण का सबसे मजबूत हथियार बन सकता है, लेकिन इसका उपयोग युवाओं को भटकाने और नकारात्मक आंदोलन खड़े करने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि यदि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो सभी को सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित के साथ आगे बढ़ना होगा।

“शॉर्टकट राजनीति हमेशा घातक होती है”

अपने संबोधन में भाजपा अध्यक्ष ने राजनीति और व्यक्तिगत जीवन दोनों में शॉर्टकट अपनाने के खिलाफ भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जीवन में शॉर्टकट रास्ता कभी स्थायी सफलता नहीं देता। इससे कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है, लेकिन अंत में परिणाम नुकसानदायक ही होते हैं।

‘विकसित भारत @2047’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में नितिन नबीन ने कहा कि झारखंड भाजपा के लिए केवल एक राज्य नहीं बल्कि अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का प्रदेश है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही झारखंड को उसकी संस्कृति, विरासत और विकास के नए आयाम तक पहुंचाने का काम करेगी।

“राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं”

नितिन नबीन ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करती। उन्होंने कहा कि अगर कोई भारत पर एक ईंट फेंकता है तो भारत अब पत्थर से जवाब देता है। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है और नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल हुई है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का काम किया है। राम मंदिर निर्माण, काशी कॉरिडोर, नए एम्स, मेडिकल कॉलेज, आईआईटी और एकलव्य विद्यालयों का निर्माण देश की नई पहचान बन रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व शक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post