Khunti: ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन अवसर पर आज खूंटी जिले में आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। जिलेभर की मस्जिदों एवं ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा कर देश एवं दुनिया में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। 
बकरीद के मौके पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय और संवेदनशील नजर आया। उपायुक्त जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने जिलेवासियों को पर्व की मुबारकबाद देते हुए प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान उपायुक्त जावेद हुसैन मस्जिद पहुंचकर नमाज में शामिल हुए तथा लोगों से मिलकर उन्हें ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दीं। वहीं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग का आत्मीय अंदाज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। नमाज अदा करने के बाद मस्जिद से बाहर निकल रहे नमाजियों, बच्चों एवं स्थानीय लोगों के बीच एसपी ऋषभ गर्ग ने टॉफियां बांटी और सभी को बकरीद की बधाई दी। प्रशासन के इस मानवीय और सौहार्दपूर्ण व्यवहार की लोगों ने खुलकर सराहना की। 
इधर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे। खूंटी शहरी क्षेत्र सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बाइक पेट्रोलिंग पार्टी लगातार विभिन्न इलाकों में गश्त करती नजर आई। वहीं प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके और किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। 
प्रशासन की सतर्कता और आम लोगों के सहयोग से पूरे जिले में बकरीद का पर्व पूरी शांति, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। त्योहार के अवसर पर खूंटी में सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की एक मिसाल देखने को मिली।



