Khunti: कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पतराटोली गांव के समीप शनिवार देर शाम सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान इट्ठे सेमर निवासी 22 वर्षीय संदीप हेरेंज तथा कमडरा के रेड़वा निवासी 24 वर्षीय तुलसी नायक के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से फिलीप कार्ड ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनी में कार्य करते हैं। शनिवार को वे कंपनी के काम से बिनगांव से लोधमा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कच्चाबारी-पतराटोली मार्ग के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात चार चक्का वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा पुलिस तथा फिलीप कार्ड के कर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कर्रा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



