Khunti: खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र अंतर्गत बाड़ेडीह बलंगा गांव में हुए बुद्धदेव मुण्डू उर्फ बुधु मुंडा हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी सुखराम मुण्डू को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बाड़ेडीह बलंगा निवासी बुद्धदेव मुण्डू उर्फ बुधु मुंडा, पिता सिगिन मुण्डा की 24 अप्रैल की रात हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद अपराधियों ने शव को छुपाने की नीयत से बलंगा नदी स्थित पत्थर गुफा में छिपा दिया था, ताकि घटना का खुलासा न हो सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद सायको थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कांड में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 मई को ही न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। वहीं घटना में शामिल एक आरोपी सुखराम मुण्डू, उम्र 25 वर्ष, पिता बीरा मुण्डू, निवासी बाड़ेडीह बलंगा, थाना सायको, जिला खूंटी फरार चल रहा था।
पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने फरार आरोपी सुखराम मुण्डू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे विधिवत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



