Ranchi : झारखंड सरकार ने शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार को 1042 नवचयनित इंटर और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के कक्षा 6 से 12 तक के शिक्षकों के लिए सतत व्यावसायिक विकास (Continuous Professional Development – CPD) कार्यक्रम की भी शुरुआत की। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षकों के निरंतर प्रशिक्षण और कौशल विकास को ध्यान में रखते हुए की गई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी राज्य की प्रगति की सबसे मजबूत नींव होती है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। साथ ही उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इस दौरान दो नवनियुक्त शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने विचार भी साझा किए।

चयनित अभ्यर्थी मनोज कुमार वैद्य ने कहा कि वे चतरा के ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं और उन्हें मिली जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। वहीं शिक्षिका सीता कुमारी ने कहा कि शिक्षक बनना उनका सपना था और वे विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए पूरी मेहनत करेंगी।

सीपीडी कार्यक्रम के तहत शिक्षकों के लिए हर वर्ष 50 घंटे का प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है। इसमें 20 घंटे ऑफलाइन और 30 घंटे ऑनलाइन प्रशिक्षण शामिल होगा। शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीक, डिजिटल संसाधन और नई शिक्षण पद्धतियों से अपडेट रखने के लिए यह कार्यक्रम कैस्केड मॉडल पर आधारित होगा।

सरकार का मानना है कि नई नियुक्तियों से जहां विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, वहीं CPD कार्यक्रम से शिक्षकों की क्षमता में सुधार आएगा। इससे राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर होगी और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।




