Ranchi: रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बारेडीह गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग गोविंद्र महतो की हत्या मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। जमीन विवाद को हत्या का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी कुईला महतो को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की दाउली भी बरामद कर ली गई है।
घटना 24 जून की है, जब खेत में काम करने गए गोविंद्र महतो की हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र रामायण महतो के आवेदन पर तमाड़ थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष जांच टीम का गठन किया और तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन मृतक खेत में धान की बुआई करने के बाद पेड़ की छांव में आराम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी पीछे से आया और लोहे की दाउली से उनके गर्दन पर वार कर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने जमीन विवाद को लेकर हत्या की बात स्वीकार की है।
परिजनों ने बताया कि घटना के दिन पूरा परिवार खेत में काम करने गया था। काम खत्म होने के बाद सभी लोग घर लौट गए थे, जबकि मृतक ने कुछ देर बाद घर आने की बात कही थी। इसी दौरान यह वारदात हो गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई।


