Garhwa : गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने भारी तबाही मचाई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बांदु चूतरू गांव की है, जहां अहले सुबह हाथियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हाथियों के झुंड ने गांव में प्रवेश कर कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। इसी दौरान डिगर मांझी हाथियों की चपेट में आ गए, जिन्हें पटक-पटककर मार दिया गया। वहीं सरदार मांझी नामक एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हाथियों का झुंड करीब दो घंटे तक गांव में उत्पात मचाता रहा, जिसके बाद वे जंगल की ओर लौट गए। इस हमले में चार घर भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
![]()
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को रंका थाना ले जाया गया। विभाग द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे रात में घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कुछ दिन पहले एक हथिनी की मौत हुई थी, जिसके बाद से हाथियों का व्यवहार आक्रामक हो गया है। हालांकि वन विभाग ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि हाथियों के हमले का किसी प्रकार का प्रतिशोध से संबंध नहीं है।
वन विभाग के अनुसार, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



