Breaking News

चाईबासा में खेत की जुताई के दौरान मिला 30 किलो का संदिग्ध मोर्टार शेल, इलाके में मचा हड़कंप

Chaibasa : झारखंड के चाईबासा जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र स्थित सोनपोखरी गांव में खेत की जुताई के दौरान करीब 30 किलोग्राम वजनी संदिग्ध मोर्टार शेल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंग लगी इस विस्फोटक जैसी वस्तु के मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

जानकारी के अनुसार, किसान विजय हेंब्रम के खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक शिवचरण महतो को मिट्टी के नीचे किसी भारी वस्तु के दबे होने का आभास हुआ। जब खुदाई की गई तो लगभग दो फीट लंबा जंग लगा मोर्टार शेल जैसा पदार्थ दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस और सीआरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।

बाद में सीआरपीएफ की बम निरोधक टीम (बीडीडीएस) ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तु का निरीक्षण किया और उसे सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच के बाद इसे विस्तृत परीक्षण के लिए भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मोर्टार शेल को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और फिलहाल आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए थे। हालांकि पुलिस ने समय रहते भीड़ को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खेतों, जंगलों या अन्य स्थानों पर किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने पर उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।

गौरतलब है कि इससे पहले भी झारखंड में पुराने विस्फोटक मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते टाला जा सके।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post