Khunti: खूंटी शहर के सार्वजनिक दुर्गा मंदिर स्थित देवी मंडप, देवी गुड़ी नेताजी चौक में स्थापित मां काली और बजरंगबली की प्रतिमाओं के तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 6 से 8 जुलाई तक होने वाले इस धार्मिक आयोजन को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को खूंटी क्लब परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 11 सदस्यीय संचालन समिति के सदस्यों के साथ क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता नकुल कुमार भगत ने की, जबकि संचालन कुमार सौरव ने किया। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा तय करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।
समिति ने निर्णय लिया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, सामूहिक भंडारे का आयोजन होगा तथा मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा, ताकि पूरे क्षेत्र में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण का निर्माण हो सके।
समिति की ओर से बताया गया कि तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का संचालन रांची के प्रसिद्ध विद्वान पंडित योगेश भारद्वाज के नेतृत्व में संपन्न कराया जाएगा। उनके साथ वाराणसी से पहुंचे चार अनुभवी वैदिक आचार्य विभिन्न धार्मिक विधि-विधानों को संपन्न कराएंगे। अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और कई विशेष धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।



