Ranchi: झारखंड की सियासत में राज्यसभा चुनाव परिणाम को लेकर हलचल तेज है। इसी बीच आज रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पार्टी का पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी परिस्थिति में राजनीतिक मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता नहीं करती और न ही करेगी। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा जनता के हित, सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और राज्य के समग्र विकास पर केंद्रित रही है। झारखंड की जनता ने वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन को प्रचंड जनादेश दिया था, लेकिन हालिया राज्य सभा चुनाव के नतीजों ने कई राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार की जीत को “सूटकेस राजनीति” का परिणाम बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक बार फिर धनबल और राजनीतिक प्रबंधन के सहारे अपनी रणनीति को सफल बनाने में जुटी है।
साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस परिणाम ने गठबंधन दलों को आत्ममंथन करने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने कहा कि यह समय आपसी आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर अपनी कमजोरियों की समीक्षा करने का है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सके।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस जनता के मूल मुद्दों बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्या और सामाजिक न्याय को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने दोहराया कि पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।



