Khunti: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर खूँटी जिला युवा कांग्रेस द्वारा बिरसा कॉलेज परिसर में फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिला महासचिव नवाज़ अंसारी ने की।
इस मौके पर आमिर हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी का जीवन सामाजिक न्याय, युवाओं के सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए पौधारोपण किया गया, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे और आने वाली पीढ़ियों को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने राहुल गांधी के विचारों और युवाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनता की सेवा के लिए सक्रिय रहने का संकल्प लिया।



