Breaking News

जमशेदपुर में पीएम आवास योजना के लाभुकों को मिली नए घर की चाबी, 340 परिवारों के सपनों को मिला आशियाना

Jamshedpur : जमशेदपुर के बिरसानगर मोहरदा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित फ्लैटों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। पहले चरण में 340 लाभुकों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं, जिससे वर्षों से पक्के मकान का सपना देख रहे परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने रांची से ऑनलाइन माध्यम से किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

चाबी वितरण के दौरान सांसद और विधायक ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश की रस्म भी पूरी कराई। नए घर में प्रवेश करते समय कई परिवार भावुक नजर आए और उन्होंने इस अवसर को अपने जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैट तैयार किए गए हैं। जिन 340 लाभुकों ने बैंक की निर्धारित किश्तें जमा कर दी थीं, उन्हें पहले चरण में आवास आवंटित किया गया। शेष पात्र लाभुकों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस आवासीय परियोजना की आधारशिला वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में रखी गई थी। योजना को वर्ष 2023 तक पूरा किया जाना था, लेकिन तकनीकी कारणों से इसमें लगभग दो वर्ष की देरी हुई और अब इसका लाभ लोगों को मिलना शुरू हुआ है।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से देशभर में करोड़ों लोगों को आवास का लाभ मिला है और आगे भी बड़ी संख्या में पात्र परिवारों को इसका फायदा मिलेगा।

लाभुकों ने नए घर की चाबी मिलने पर केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि किफायती दर पर पक्का मकान मिलने से उनके परिवार का भविष्य अधिक सुरक्षित होगा और अब वे अपने नए आशियाने में सम्मानपूर्वक जीवन की नई शुरुआत कर सकेंगे।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post