Jamtara : जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड परिसर में गुरुवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब चिहूटिया गांव के दो चचेरे भाई आपस में भिड़ गए। महज पांच डिसमिल जमीन के पुराने विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
यह विवाद चिहूटिया गांव निवासी शेख नूर और उसके चचेरे भाई जुबेर शेख के बीच लंबे समय से चला आ रहा था। दोनों के बीच जमीन के स्वामित्व और हिस्सेदारी को लेकर पहले भी कई बार विवाद और शिकायतें दर्ज हो चुकी थीं। गुरुवार को दोनों किसी काम से प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे, जहां अचानक आमने-सामने होने पर पुराना विवाद फिर भड़क उठा।
देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों की ओर से लात-घूंसे और ईंट-पत्थर चलने लगे। परिसर में मौजूद लोग और सरकारी कर्मचारी अचानक हुई इस घटना से सहम गए और इधर-उधर भागने लगे।
इस झड़प में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में गहरी चोट आई और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों से लिखित शिकायत (FIR) मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति नियंत्रण में है।



