Simdega: कोलेबिरा प्रखंड के अघरमा गांव के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार लोहरदगा से स्कॉर्पियो (JH-01BM-5454) में सवार होकर नौ लोग लसिया गांव मेहमानी के लिए जा रहे थे। अघरमा के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में गुलाम मुस्तफा (58), गुलशन (55), अर्श हाशमी (5), अनाबिया परवीन (3) और आयरा परवीन (डेढ़ वर्ष) शामिल हैं। वहीं उमर नवाज, हिना परवीन, अकरम खलीफा और नेहा परवीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी घटनास्थल एवं अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया तथा समुचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



