Breaking News

पुलिस बर्बरता के विरोध में आजसू का बड़ा आंदोलन, 22 जून को धनबाद में आक्रोश मार्च

Bokaro : बोकारो में आयोजित आजसू पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में संगठन और राज्य के समसामयिक मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में पार्टी नेतृत्व ने भविष्य की रणनीति तय करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। विशेष रूप से धनबाद में हुई कथित पुलिस बर्बरता के विरोध में बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 22 जून को धनबाद में एक विशाल आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। पार्टी का कहना है कि हाल के दिनों में आजसू नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया है, उसके खिलाफ जनभावनाओं को आवाज देने के लिए यह आंदोलन जरूरी है।

केंद्रीय समिति की बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी सहित कई केंद्रीय और जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मजबूती, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने बताया कि संगठन विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण कार्यक्रम तय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 5 जुलाई को रांची में महिला सम्मेलन और 7 तथा 8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

डॉ. भगत ने बताया कि पार्टी महिलाओं और युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आगामी सम्मेलन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।

वहीं, पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने धनबाद की घटना को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ अन्याय हुआ है, जिससे संगठन के साथ-साथ आम लोगों में भी भारी नाराजगी है।

सुदेश महतो ने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए 22 जून को स्थापना दिवस और बलिदान दिवस के अवसर पर धनबाद में आक्रोश मार्च आयोजित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी जनहित और जनसरोकार के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post