Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम से दहशत का माहौल बन गया है। पिछले दो सप्ताह के भीतर शहर के कई कारोबारियों को रंगदारी के लिए धमकियां मिल चुकी हैं। ताजा मामले में एक नामी ज्वेलरी कारोबारी और एक बड़े बिल्डर से पांच-पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी मिलने के बाद कारोबारी जगत में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार विदेश में बैठा गैंगस्टर प्रिंस खान अपने नेटवर्क के जरिए रांची के कारोबारियों को लगातार निशाना बना रहा है। रंगदारी नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है और कॉल व मैसेज के जरिए मिले इनपुट खंगाले जा रहे हैं।
ताजा मामले में रांची के प्रसिद्ध पॉल ज्वेलर्स की संचालिका सुमन पॉल से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। बताया गया कि चार जून की रात उनके मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताते हुए कहा कि वह दुबई से बोल रहा है। आरोपी ने रंगदारी की रकम नहीं देने पर सुमन पॉल और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
सुमन पॉल ने इस संबंध में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि फोन कॉल के बाद उनके व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा मैसेज भेजा गया। घटना के बाद से परिवार में भय का माहौल है। पुलिस मोबाइल नंबर और डिजिटल सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
इसी तरह लालपुर निवासी और नामी बिल्डर उदय शंकर को भी गैंगस्टर के नाम पर धमकी दी गई है। उदय शंकर ने पुलिस को बताया कि पांच जून की रात करीब साढ़े दस बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
दोनों कारोबारियों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गैंगस्टर विदेश में बैठकर अपने गुर्गों और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए रांची के कारोबारियों को टारगेट कर रहा है। पुलिस तकनीकी जांच के साथ-साथ गैंग के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि बीते दो सप्ताह के दौरान राजधानी के कई कारोबारियों को रंगदारी के लिए धमकी मिल चुकी है। इससे पहले कैपिटोल हिल होटल के संचालक से भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने शहर में कारोबारियों की सुरक्षा और संगठित अपराध पर पुलिस की चुनौती को फिर से चर्चा में ला दिया है।



