Hazaribagh : हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सिंदूर पंचायत भवन के पीछे स्थित सिंदूर नदी के दश कर्म घाट के पास 12 वर्षीय लापता बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान कूद बस्ती निवासी तमन्ना, पिता मोहम्मद आमिर, के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार शव की स्थिति बेहद खराब थी और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि पहचान छिपाने के उद्देश्य से मृतका के चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया।
जानकारी के मुताबिक, 27 मई को मोहम्मद आमिर ने कटकमदाग थाना में अपने दो बच्चों—12 वर्षीय तमन्ना और ढाई वर्षीय रिजवान—के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। कई दिनों से दोनों बच्चों की तलाश की जा रही थी।
रविवार को एक चरवाहे ने नदी किनारे शव देखा और इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से कोर्रा थाना पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शव की स्थिति खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल था, लेकिन पूर्व में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट और परिजनों की पहचान के आधार पर मृतका की पुष्टि की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि उनका ढाई वर्षीय बेटा रिजवान अब भी लापता है। परिजन बच्चे की तलाश तेज करने की मांग कर रहे हैं और इसी को लेकर पोस्टमार्टम प्रक्रिया पर भी आपत्ति जताई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद ली है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हजारीबाग के एएसपी अमित कुमार ने बताया कि मृतका के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को कानून के दायरे में लाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, लापता मासूम रिजवान की तलाश भी लगातार जारी है।



