Khunti: परिवहन विभाग के निर्देशानुसार आज जिला परिवहन पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में खूंटी एवं कर्रा क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क पर चल रहे विभिन्न वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के क्रम में वाहनों के टैक्स, इंश्योरेंस, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। अधिकारियों ने नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कई वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, वहीं कुछ वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। परिवहन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न वाहनों से कुल ₹2,53,400 का जुर्माना वसूला।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। वाहन चालकों से सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।



