Dumka : झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दुमका–पाकुड़ मुख्य मार्ग पर नकटी गांव स्थित प्रकाश वाटर सर्विसिंग सेंटर में एक अनियंत्रित यात्री बस घुस गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक मिथिलांचल नाम की 42 सीटर यात्री बस दुमका से पाकुड़ की ओर जा रही थी। बस में कई यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नकटी गांव के पास पहुंचते ही चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद तेज रफ्तार बस सीधे सड़क किनारे स्थित प्रकाश वाटर सर्विसिंग सेंटर में जा घुसी।
बस के अचानक सर्विसिंग सेंटर में घुसने से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित बस सबसे पहले सर्विसिंग सेंटर परिसर में खड़ी मालिक की कार से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पास की दीवार तोड़ते हुए नीचे गड्ढे में जा गिरी। वहीं बस सर्विसिंग सेंटर के अंदर फंसकर रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। यदि उस समय सर्विसिंग सेंटर में ज्यादा लोग मौजूद होते, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हालात को नियंत्रित किया। हादसे के कारण मुख्य सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि बस और कार को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



