Khunti: खूंटी जिले में अपराधियों के बुलंद हौसलों ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है। जिला अंतर्गत सायको थाना क्षेत्र में एक युवक और एक युवती की धारदार हथियार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल व्याप्त है। मृतकों की पहचान बिशु पाहन और युवती सुमि मुंडू के रूप में की गई है। 
जानकारी के अनुसार मृतक बिशु पाहन और मृतिका युवती सुमि मुंडू दोनों सायको बाजार में आयोजित मेला देखने गए थे। आयोजित स्थल से कुछ दूरी पर हड़िया दुकान सजा था जहां पर दोनों गए और अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों सायको के एक गांव में आयोजित पारंपरिक छऊ नृत्य कार्यक्रम देखने गए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गए। सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों के शवों को देखा, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। 
सूचना मिलते ही सायको थाने की पुलिस एवं डीएसपी वरुण रजक मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। बाद में एफएसएल एवं डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि आयोजित मेला परिसर से कुछ दूरी पर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह ऑनर किलिंग नहीं बल्कि प्रेम प्रसंग से जुडा मामला हो सकता है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जल्द ही अपराधी पुलिस गिरफ्त में होंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया यह आपसी रंजिश या किसी गंभीर विवाद का परिणाम लग रहा है।



