Khunti: खूंटी-तमाड़ मुख्य सड़क पर जिकीलता गांव और नदीडिपा के बीच सड़क किनारे लगा लोहे का पुराना बिजली खंभा अचानक गायब हो जाने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि अज्ञात चोरों द्वारा खंभे को काटकर चोरी कर लिया गया होगा। 
बताया जा रहा है कि उक्त लोहे के खंभे में फिलहाल कोई बिजली तार जुड़ी हुई नहीं थी और न ही उससे किसी प्रकार की बिजली आपूर्ति हो रही थी। क्षेत्र में सीमेंटेड बिजली खंभों का उपयोग शुरू होने के बाद पुराने लोहे के खंभे लंबे समय से बेकार पड़े हुए हैं। ऐसे में अब असामाजिक तत्वों और कबाड़ चोरों की नजर इन खंभों पर पड़ने लगी है। 
मंगलवार को जब स्थानीय लोगों की नजर घटनास्थल पर पड़ी तो वहां खंभा पूरी तरह गायब था, जबकि आसपास तार के कुछ टुकड़े पड़े हुए मिले। इससे लोगों की आशंका और भी गहरा गई कि किसी ने योजनाबद्ध तरीके से खंभे को काटकर वहां से हटा दिया है।
लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



