Breaking News

अवैध अफीम खेती पर खूंटी पुलिस की सख्ती, एसपी ने ड्रोन से की निगरानी, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

Khunti: खूंटी जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में आज खूंटी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने मुरहू थाना क्षेत्र के दूरस्थ एवं संवेदनशील इलाकों का दौरा कर अवैध अफीम खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की जमीनी समीक्षा की।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने उन क्षेत्रों का विशेष निरीक्षण किया, जहां पूर्व में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना एवं मामले सामने आते रहे हैं। दुर्गम पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्रों में संभावित खेती वाले स्थलों की पहचान के लिए ड्रोन कैमरे का उपयोग किया गया। ड्रोन के माध्यम से खेतों और आसपास के इलाकों की निगरानी कर स्थिति का जायजा लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में किसी भी परिस्थिति में अवैध अफीम खेती को बढ़ावा नहीं मिलने दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा ग्रामीणों को जागरूक करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक मुरहू थाना अंतर्गत स्थित केवड़ा पिकेट भी पहुंचे। वहां तैनात जवानों की कार्यशैली, सुरक्षा व्यवस्था एवं क्षेत्र में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई। उन्होंने जवानों को पूरी सतर्कता एवं अनुशासन के साथ ड्यूटी करने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक सरवदा स्थित चर्च भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों एवं ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से पुलिस को सहयोग करने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने मुरहू थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों एवं पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। उन्होंने थाना में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार रखें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खूंटी पुलिस द्वारा अवैध अफीम खेती के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन तकनीक और जनसहभागिता के माध्यम से जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post