Khunti: खूंटी के खूंटी टोली वार्ड संख्या 12 में सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे शर्त शर्किट से एक बड़ा अगलगी हादसा हो गया। सहदेव महतो के घर में अचानक आग लगने से देखते ही देखते पूरा मकान चपेट में आ गया और घर के छह कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि इस भीषण आगजनी में किसी की जान नहीं गई, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को खबर दी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टीम की तत्परता से आग को आसपास के घरों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
बताया जा रहा है कि सहदेव महतो ने अपने मकान को किराए पर दे रखा था, जिसमें कई किरायेदार रह रहे थे। आगजनी में किरायेदारों का भी भारी नुकसान हुआ है। किरायेदार मुनिया देवी ने बताया कि उनकी करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। उन्होंने बताया कि बहन की शादी को लेकर गहने, नगदी और अन्य जरूरी सामान खरीदकर घर में रखा था, जो इस हादसे में पूरी तरह नष्ट हो गया।
वहीं, एक अन्य किरायेदार राजलो डुंगडुंग ने बताया कि वे बाजार में समोसा और गुलगुला बनाकर बेचते थे और धीरे-धीरे पूंजी जमा कर अपने गांव में घर बनाने का सपना देख रहे थे। लेकिन इस आगजनी में उनके जीवन भर की जमा पूंजी, जमीन के खतियान सहित सभी जरूरी कागजात और घरेलू सामान जलकर खत्म हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय वार्ड सदस्य अनिल कच्छप ने कहा कि इस मामले को लेकर आगे विभागीय प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी और आपदा प्रबंधन विभाग के तहत पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। 
वहीं, झामुमो छात्र मोर्चा के जिलाध्यक्ष कमलेश महतो ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह मकान उनके बड़े पापा का था, जिसे किराए पर दिया गया था। आगजनी से मकान मालिक के साथ-साथ किरायेदारों को भी भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निष्पक्ष जांच कर सभी प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।



