Khunti: जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सफलता हाथ लगी है। एनडीपीएस थाना, खूंटी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को करीब 1 किलो अवैध अफीम (लासा) के साथ गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर किया।
एसपी ने बताया कि शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि सदर अस्पताल से ईट्ठे की ओर जाने वाली मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अवैध अफीम की बिक्री के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एनडीपीएस थाना की टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई।
पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि मोटरसाइकिल स्टार्ट नहीं हो सकी, जिसके बाद वह वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़ कर पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, तो सीट के अंदर छिपाकर रखे गए काले पॉलीथिन में करीब 1 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद किया गया। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानी मुंडा (उम्र करीब 25 वर्ष) ग्राम बिचागुटू, थाना मुरहू (जिला खूंटी) के रूप में की गई है। इस संबंध में एनडीपीएस थाना, खूंटी में कांड संख्या 06/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b)/22(b)/25 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अन्य संभावित तस्करों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।
एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और किसी भी हाल में ऐसे अवैध धंधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



