Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की मुनीडीह कोल वाशरी में स्लरी (कोयले का गीला कचरा) धंसने से चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना उस समय हुई जब मजदूर पहाड़नुमा स्लरी के ढेर से लोडिंग का काम कर रहे थे। अचानक यह ढेर भरभराकर नीचे गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। कुछ मजदूर मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन कई लोग स्लरी में दब गए।
मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार, अब तक चार मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों की पहचान प्रेम बाउरी, माणिक बाउरी, दीपक बाउरी और नारायण यादव के रूप में की गई है। सभी मजदूर असंगठित क्षेत्र से जुड़े थे और स्लरी लोडिंग का काम कर रहे थे।
मुनीडीह ओपी प्रभारी मनिता कुमारी ने बताया कि बाकी फंसे मजदूरों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इस अभियान में स्थानीय प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और बीसीसीएल की टीमें मिलकर काम कर रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्लरी का ढेर पहले से ही अस्थिर था और अचानक ढह गया। मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
फिलहाल, जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। प्रशासन को आशंका है कि और भी मजदूर अंदर फंसे हो सकते हैं, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।
यह हादसा एक बार फिर खनन क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और मजदूरों की कार्य परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों ने घटना की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।


