Khunti: खूंटी थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल खुलासा कर दिया है। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की तत्परता एक बार फिर साबित हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 28 अप्रैल को एक सूचना मिली थी कि ग्राम मुरही किंदवा टोली, थाना-खूंटी क्षेत्र से एक युवक एतवा मुंडा का अपहरण कर लिया गया है। बताया गया कि एक XUV कार, एक स्कूटी और दो मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 10-12 युवकों ने हथियार के बल पर युवक को जबरन उठाकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरुण रजक,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) खूंटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में कर्रा थाना क्षेत्र के कुलहुटू जंगल में छापेमारी कर अपहृत एतवा मुंडा को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने इस दौरान घटना में शामिल तीन अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश होरो (उम्र 19 वर्ष), रोशन सांगा (उम्र 22 वर्ष) और समीर तिर्की (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है तीनों रांची जिला के नगडी थाना क्षेत्र के सिंहपुर टोंगरी टोली का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपने-अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है तथा अन्य सहयोगियों के नाम भी उजागर किए हैं।
पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त XUV 500 वाहन (नंबर JH05 BK 8048) को भी बरामद कर लिया है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि अपहरण के बाद एतवा मुंडा को छोड़ने के एवज में 2.5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पीड़ित के परिजनों के बयान के आधार पर खूंटी थाना में कांड संख्या 61/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(2)/61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में वरुण रजक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खूंटी, अशोक कुमार सिंह थाना प्रभारी खूंटी और कर्रा थाना प्रभारी दीपक कांत सहित कई पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बलों की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



