Khunti: खूंटी–सिमडेगा मुख्य मार्ग पर तोरपा थाना क्षेत्र के दियांकेल के पास बुधवार तड़के करीब चार बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दुर्गापुर से लोहे का सामान लेकर भिलाई जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़के लगभग चार बजे विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक को बचाने के प्रयास में ट्रेलर चालक संतुलन खो बैठा। संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रेलर सड़क किनारे स्थित पुलिया के नीचे जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक को कोई चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सहायता कार्य में जुट गए। वहीं, सूचना पाकर तोरपा थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



