Khunti: मुरहू थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, मुरहू में पृथ्वी दिवस के अवसर पर डालसा खूंटी के सहयोग से एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के साथ-साथ समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक बुराइयों और कानूनों के प्रति जागरूक करना था। 
कार्यक्रम में मुरहू थाना प्रभारी नायल गॉडविन केरकेट्टा उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं से पेड़-पौधों की सुरक्षा, जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सजग रहने की अपील की।
इस दौरान डालसा खूंटी की टीम एवं अन्य वक्ताओं ने छात्राओं को पोक्सो अधिनियम के तहत बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध, नशापान के दुष्परिणाम, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, मानव तस्करी जैसी गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही डायन प्रथा जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूक रहने और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की बात कही गई। 
थाना प्रभारी नायल गॉडविन केरकेट्टा ने डायल 112 आपात सेवा के बारे में भी विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में इस नंबर पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने छात्राओं को निर्भीक होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन, डालसा खूंटी की टीम एवं मुरहू थाना के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



