Khunti: खूंटी जिले के प्रसिद्ध जलप्रपात पंचघाघ पर्यटन स्थल को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आज खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना के लिए पर्यटन विभाग द्वारा राशि उपलब्ध कराई गई है। 
इस अवसर पर विधायक रामसूर्या मुंडा ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंचघाघ जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल को निखारने और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस परियोजना के तहत यहां किचन, हॉल, बैठने की बेहतर व्यवस्था समेत पर्यटकों के लिए आवश्यक सभी आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। कार्य को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विधायक ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। 
विधायक ने कहा कि पंचघाघ न केवल खूंटी जिले, बल्कि पूरे राज्य और राज्य के बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। यहां हर साल बड़ी संख्या में लोग घूमने और पिकनिक मनाने आते हैं। ऐसे में इस विकास कार्य से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में मुरहू के प्रमुख ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस पहल से पंचघाघ की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी और यहां आने वाले लोगों को पहले से अधिक सुविधाएं मिलेंगी। 
शिलान्यास कार्यक्रम में जेएमएम जिला उपाध्यक्ष सनिका पूर्ति, मुरहू विधायक प्रतिनिधि सह विंदा के मुखिया डिक्शन पूर्ति, कर्रा प्रखंड विधायक प्रतिनिधि अनूप लकड़ा, इंडीपीडी के मुखिया सुखराम सरूकद, कोड़केल पंचायत के मुखिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



