Khunti: जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए खूंटी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। मामले का खुलासा खूंटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वरुण रजक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया। 
एसडीपीओ ने बताया कि बीते 7 और 8 अप्रैल की रात खूंटी कचहरी परिसर स्थित दुकानों में चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस लगातार छानबीन कर रही थी। जांच के क्रम में पुलिस ने 9 अप्रैल को खूंटी थाना क्षेत्र से दो चोरों को गिरफ्तार किया गया था जिसे जेल भेजने से पहले पूछताछ की गई थी इस दौरान दोनों आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए थे।
गिरफ्तार चोरों ने पुलिस को बताया कि 6 अप्रैल की शाम वे अपने अन्य साथियों के साथ रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर ब्राउन शुगर का नशा करने गए थे। वहां से लौटते समय धुर्वा के झोपड़ी मार्केट के पास एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी दिखी। आसपास कोई नहीं होने का फायदा उठाकर उनके साथियों ने बाइक चोरी कर ली और उसे खूंटी ले आए। इसके बाद तीनों आरोपी सामूहिक रूप से उस बाइक का उपयोग कर रहे थे।
सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
1. सोनू राम, महतो टोली, कर्रा रोड, खूंटी
2. बजरंग कुमार, कर्रा रोड, खूंटी
3. प्रिंस कुमार, थाना डोरंडा, जिला रांची
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा कि जिले में चोरी और अपराध की घटनाओं पर सख्ती से नजर रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।



